यमुनानगर। प्लेसमेंट कार्यालय संचालक पर महिला ने उसके बेटे व बेटी को नौकरी दिलवाने के नाम पर रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी संचालक धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
शहर की लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी निवासी सुनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पहले रादौर में रहती थी। वहां एक जॉब प्लेसमेंट कार्यालय था। वह अपनी बेटी शिल्पा व लड़के गुलशन को अच्छी नौकरी लगवाना चाहती थी। जिस पर उसने प्लेसमेंट कार्यालय में संपर्क किया। उसे राहुल नाम का लड़का मिला। राहुल ने उसे यकीन दिलाया कि वह उसके दोनों बच्चों को नौकरी लगवा देगा, जिससे वह उसकी की बातों में आ गई। राहुल ने उसकी लड़की को बैंक में तथा लड़के को सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलवाने की बात कही। इन दोनों नौकरियों के लिए राहुल ने उसे कुछ खर्च आने की बात कही। जिस पर उसने अलग-अलग तारीखों में नौकरी दिलवाने के नाम पर दो लाख 35 हजार रुपये ले लिए। उसने बताया कि कुछ दिनों में दोनों की जॉब लग जाएगी। काफी दिन बीतने के बाद भी उसके बच्चों को नौकरी नहीं मिली। इसके बाद उसने आरोपी राहुल से बात की, तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जिस पर उसने अपने रुपये वापस मांगे। पहले वह टालता रहा, फिर रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी को नामजद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।