संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मनाही के बावजूद जिला नागरिक अस्पताल के योग विशेषज्ञ डाॅक्टर शिव कुमार व हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ. अनुराग गुप्ता को चुनावी सभा में जाना भारी पड़ गया। चुनावी सभा के बीचोबीच कुर्सियों पर एक साथ बैठे दोनों डॉक्टरों की फोटो किसी ने अपने मोबाइल से खींच ली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
वायरल हुई फोटो शिकायत के साथ चुनाव आयोग तक पहुंच गई। एमसीसी एवं शिकायत निवारण व हेल्पलाइन के नोडल अधिकारी नरेंद्र सिंह ने मामले की जांच के लिए सिविल सर्जन को लिखा। सिविल सर्जन ने जांच के लिए एक कमेटी बनाई। कमेटी ने मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट नोडल अधिकारी को सौंप दी है। दोनों डॉक्टरों से भी इस बारे में जवाब मांगा गया है।
अंबाला लोकसभा प्रत्याशी के समर्थन में डिंपल सिनेमा के सामने वाली काॅलोनी में कुछ दिन पहले चुनावी जनसभा हुई थी। इस सभा में जिला अस्पताल के दो डाॅक्टर शिव कुमार व डाॅ. अनुराग गुप्ता भी पहुंचे। उन्होंने आयोजकों के साथ फोटो भी खिंचवाई। नियमानुसार कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी चुनावी जनसभा में हिस्सा नहीं ले सकता।
इसका पता चलने पर किसी ने इसकी शिकायत 11 मई को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेज दी। जहां से 13 मई को एक ईमेल के माध्यम से शिकायत नोडल अधिकारी डीडीपीओ नरेंद्र सिंह को भेजी गई। उन्होंने जांच के लिए सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह को इसे भेज दिया।
गठित कमेटी ने इस मामले की जांच की। जांच के दौरान पता चला की दोनों ही डॉक्टरों की ड्यूटी उस चुनावी सभा में नहीं थी और न ही इस बारे में दोनों ने सिविल सर्जन या फिर अस्पताल प्रबंधन को कोई सूचना दी थी। दोनों डाक्टरों के वहां शामिल होने की फोटो वायरल हो गई।
मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला ने बताया कि डॉ. शिव कुमार व डॉ. अनुराग गुप्ता के चुनावी सभा में जाने की जांच की गई है। इसकी रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंप दी गई है।
एमसीसी एवं शिकायत निवारण व हेल्पलाइन के नोडल अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल के दो डाॅक्टरों के विरुद्ध शिकायत मिली है। सिविल सर्जन कार्यालय से रिपोर्ट मांगी गई है। मामले की जांच की जा रही है।