यमुनानगर। शहर के एक कारोबारी की हत्या की साजिश के मामले में एसटीएफ अंबाला ने जांच तेज करते हुए दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। शाहाबाद निवासी शुभम खुराना और करनाल के गांव खानपुर निवासी सूजल को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। अवगत हो कि दोनों बदमाश कुरुक्षेत्र के बहुचर्चित शराब कारोबारी शांतनू की हत्या के मामले में गिरफ्तार हैं। 2025 से वह दोनों जेल में बंद हैं।
एसटीएफ ने 15 मार्च को नेशनल हाईवे-344 पर संगम ढाबा के पास से दो पिस्टल, मैग्जीन व कारतूस के साथ खुर्दबन निवासी विनोद व शुभम, विशाल कॉलोनी के राहुल और फतेहगढ़ निवासी विशाल सैनी को पकड़ा था। रिमांड के दौरान पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह सभी एक गैंग के इशारे पर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। आरोपियों को एसटीएफ ने आगे जांच बढ़ाते हुए उन्हें हथियार उपलब्ध कराने वाले ठसका खादर गांव के तजिंद्र सिंह व जुब्बल गांव के जुगेश कांबोज गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया है कि प्रोडक्शन रिमांड पर लिए गए शुभम खुराना और सूजल भी इस साजिश का अहम हिस्सा थे।