छछरौली। राजकीय स्कूल छछरौली में पढ़ने गए बालकुंज के दो बच्चे बोतल से तेजाब गिरने के कारण झुलस गए। एक बच्चे के पांव और दूसरे के पेट पर तेजाब गिरा है। दोनों को तुरंत सीएचसी छछरौली ले जाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों बच्चों की हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
बालकुंज इंचार्ज सर्बजीत सिंह ने बताया कि दो बच्चे अरमान और गुरदेव राजकीय स्कूल छछरौली में सातवीं व आठवीं कक्षा के छात्र हैं। स्कूल में सोमवार को लंच के दौरान दोनों बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान वे स्कूल की लैब में चले गए। वहां पर उन्हें एक बोतल मिली, जिसमें तेजाब था। जानकारी न होने के कारण वे उस बोतल से खेलने लगे। इस दौरान ढक्कन खुल गया और तेजाब एक के पांव पर और दूसरे के पेट पर गिर गया। तेजाब गिरते ही दोनों जोर-जोर से चिल्लाने लगे। शोर सुनकर तुरंत अध्यापक वहां पहुंचे और दोनों को अपनी गाड़ी से सीएचसी छछरौली लेकर गए। जख्म ज्यादा होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां पर दोनों का उपचार चल रहा है।