यमुनानगर। नेशनल हाईवे 344 के करेड़ा चौक पर फिर हादसा हो गया। इस बार तेज गति से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने चौक पार करने के लिए खड़े बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नागल निवासी सुरेंद्र कुमार ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब आठ बजे वह अपने निजी काम से अपनी कार में यमुनानगर से घर जा रहा था। जब वह नेशनल हाईवे 344 के करेड़ा चौक पर सड़क पार करने के लिए रुका तो औरंगाबाद की तरफ से एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक तेज गति से आया। आरोप है कि आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने चौक पर सड़क पार करने के लिए रुके एक बाइक सवार को टक्कर मार दी।इसके बाद उसे कुचलता हुआ ट्रैक्टर चालक सहारनपुर की तरफ फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया। उसने राहगीरों की मदद से घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई। मृतक कर वह पहचान उसके गांव नागल निवासी अमर कुमार के नाम से हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।