संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में जमीन विवाद में हुए झगड़े में दो भाइयों पर रॉड से हमला कर घायल कर दिया। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
रायपुर निवासी मोहम्मद फुरकान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका गांव के लीमू के साथ जमीन का विवाद चल रहा है। रविवार शाम को वह अपने घर पर था। इस दौरान लीमू व उसके बेटे इकलाख, रहमान, जाकिर व जुनैद आदि के साथ उनके घर के बाहर आकर गाली गलौच करने लगा। शोर सुनकर जब वह बाहर आया तो आरोपियों ने रॉड से हमला कर दिया।
जब उसका भाई इमराम उसे आरोपियों से छुडवाने के लिए आया तो आरोपियों ने उसे भी पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने उसका पर्स छीन लिया। पर्स में 3500 रुपये व अन्य दस्तावेज थे। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।