सेक्टर-17 के सामुदायिक भवन में शुक्रवार को एक प्रयास-आपके साथ चेरिटेबल ट्रस्ट की बैठक हुई। इसका मुख्य विषय कॉलेजों से आए हुए 85 आवेदन पत्रों पर विचार विमर्श करने, परीक्षा विषयक निर्णय लेने, परीक्षा केंद्र, छात्र चयन की रूपरेखा बनाना था। ट्रस्ट के प्रधान रामस्वरुप शर्मा व मुख्य सलाहकार शीशपाल चौहान ने बताया कि एक प्रयास-आपके साथ चेरिटेबल ट्रस्ट ने गरीब, जरूरतमंद व होनहार पढ़ने वाले छात्र- छात्राओं के भविष्य को उज्जवल बनाने का जो संकल्प लिया है। उसे साकार रूप देने में संस्था जुट गई है। 27 फरवरी को राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला में होनहार विद्यार्थियों के चयन हेतु एक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
वहीं इसमें राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला के छात्र, छछरौली के छात्र, प्रतापनगर के छात्र, सरस्वती नगर के छात्र, रादौर के छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे होगी। इसमें अंग्रेजी के 20, हिंदी के 10, सामाजिक के 20, सामान्य ज्ञान के 15, रीजनिंग के 10, गणित के 10, कोमर्स व विज्ञान के पांच-पांच प्रश्न होंगे। कुल 100 प्रश्न बहुविकल्पीय रहेंगे। सभी बच्चों को आने जाने का किराया भी दिया जाएगा। जो परीक्षार्थी कमेटी के मानदंडों के अनुसार उत्तीर्ण होंगे उनका मौखिक साक्षात्कार भी जल्दी लिया जाएगा। चयनित हेने वाले बच्चों के घरों की आर्थिक स्थिति की पूरी जांच कमेटी द्वारा की जाएगी। आर्थिक आधार पर गरीब बच्चों को प्रमुखता दी जाएगी। चयनित बच्चों का सारा खर्च संस्था उठाएगी। मौके पर कुंदन कालड़ा, सुशील गुलाटी, अच्छर सिंह, शामपाल शर्मा, सतीश कौशिक मौजूद रहे।