गांव जयधरी और गांव जयधर के बीच एक ट्राली ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
बराड़ा निवासी अभिषेक खान ने छछरौली थाना पुलिस दी शिकायत में बताया कि 25 नवंबर को मनीष खान, वाहिद व आशिक के साथ कार से रिश्तेदार गांव जयधर आए थे। इसके बाद चारों शाम के समय अपनी कार से अपनी रिश्तेदारी में गांव जयधरी में चले गये थे। यहां रिश्तेदारों से मिलने के बाद वापस जयधर के लिए चले थे। कार को वाहिद चला रहा था और उसकी बराबर वाली सीट पर अभिषेक खान बैठा था और पीछे मनीष व आशिक बैठे थे। जब वे गांव जयधरी और गांव जयधर के बीच पहुंचे तो एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार ट्रॉली के पिछले टायरों में फंस गई। हालांकि इस दौरान ट्रॉली चालक मौके पर रूक गया था किंतु वहां भीड़ को देखकर भाग निकला। इसके बाद घायलों को दादुपुर हैड पर शर्मा अस्पताल में भेज दिया। यहां डॉक्टरों ने वाहिद की हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया जबकि मनीष की मौत हो गई। पुलिस ने अभिषेक खान के बयान दर्ज कर आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।