संदिग्ध परिस्थितियों में 30 वर्षीय विवाहिता ने ट्रेन से कट कर जान दे दी। हादसा बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे गांधी नगर रेलवे फाटक पर हुआ। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाहिता ने आत्महत्या किन कारणों से की, इसका पता नहीं चल पाया है। वहीं मंगलवार देर रात रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने युवक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार गांधी नगर की जोगिंद्र कॉलोनी निवासी 30 विवाहिता नीरू बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे गांधी नगर फाटक पर आ गई। यहां उसने देखा कि अंबाला से सहारनपुर जाने वाले डाउन ट्रैक पर ट्रेन आ रही है। जिसके बाद नीरू ट्रैक के बीच हाथ जोड़कर खड़ी हो गई। इस दौरान चंडीगढ़ से लखनऊ जा रही सद्भावना एक्सप्रेस के चालक ने कई बार हॉर्न दिए। लेकिन नीरू नहीं हटी। जिससे ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन ड्राइवर ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इस बारे में थाना राजकीय रेलवे पुलिस प्रभारी जसविंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। विवाहिता की पहचान 30 वर्षीय नीरू के रूप में हुई है। नीरू की शादी जोगिंद्र नगर निवासी कन्हैया लाल से हुई थी। शाम के समय उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेलवे ट्रैक पार करते युवक की मौत : मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पार करते समय युवक ट्रेन की चपेट में आया गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे पुलिस एसएचओ जसविंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान विजय कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय पंकज के रूप में हुई हे। पंकज पेंट करने का काम करता था। रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।