साढौरा। नगर पालिका ने दिवाली की पूर्व संध्या पर तोरांवाला तालाब को जगमग कर दिया है। यहां 18 लाख की लागत से 58 खंभे लगाकर एलईडी लाइट लगाकर रोशनी की गई है।
नगर पालिका चेयरपर्सन शालिनी शर्मा ने बताया कि बरसात के बाद तोरांवाला तालाब के अंदर तथा सारे तटबंध की सफाई भी हो चुकी। वाइस चेयरमैन देवेंद्र सैनी, लवली व वार्ड 6 के पार्षद नैब सैनी ने बताया कि सैर करने आने वालों की सुविधा के लिए 17 जगह बैंच भी लगाए गए हैं। तटबंध के साथ बने फुटपाथ को भी जल्द ही पक्का कर सैर करने वालों को सुविधा प्रदान कर दी जाएगी।
मंदिर परिसर के पास पक्के घाट बनाकर यहां धार्मिक कर्म करने वालों को सुविधा प्रदान की गई है। सुंदरीकरण व लाइट लगने के बाद से तोरांवाला तालाब का स्वरूप पहले से सुंदर हो गया है। ऐसे में अब लोगों को यहां सैर सपाटा करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को तालाब का बेहतर रखरखाव करने के निर्देश दिए हैं।