एंटी व्हीकल थैफ्ट सेल ने चोरी के आरोप में एक युवक को काबू किया है। आरोपी ने पूछताछ में बाइक चोरी की तीन वारदात कबूली हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सैल इंचार्ज रमेश राणा ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि कलानौर से होते हुए एक युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए उत्तर प्रदेश जाएगा । सूचना के आधार पर सब इंस्पैक्टर सुखविंदर सिंह, अनिल राणा, लाभ सिंह, कमल और रविंद्र की टीम ने मौके पर जाकर नालागढ़ की माजरी निवासी करनैल को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की बाइक बरामद हुई।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 8 मई व 9 मई को थाना शहर यमुनानगर एरिया से बाइक चोरी की। इसके बाद 11 मई को उसने जगाधरी से बाइक चोरी की। पुलिस ने आरोपी से तीनों बाइक बरामद कर ली। उधर इसी एवीटीसी ने नाकाबंदी के दौरान कलानौर से बिलासपुर निवासी रजत और हिमांशु को गिरफ्तार किया है। आरोपी भी चोरी की बाइक को बेचने के लिए यूपी जा रहे थे। आरोपियों ने 16 अप्रैल को थाना शहर यमुनानगर एरिया से बाइक चोरी की थी।