यमुनानगर। संतपुरा रोड से मधु चौक की तरफ जा रहे पुराना हमीदा निवासी दिलीप सिंह को दो बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने उसके सिर में ईंट से वार कर घायल कर दिया और उसके पास से 15 हजार रुपये व पर्स लूट लिया। बदमाशों ने उसकी वीडियो भी बनाई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात युवकों पर लूट व मारपीट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुराना हमीदा निवासी दिलीप सिंह ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह दस बजे वह अपने बाइक पर निजी काम से संतपुरा रोड से मधु होटल के पास जा रहा था। उसके पास 15000 रुपये थे, तभी वहां दो बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। बदमाशों ने उसकी बाइक रुकवा ली और उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान एक बदमाश ने उसके सिर पर ईंट से वार किया। जिससे उसका सिर फट गया और वह बुरी तरह घायल हो गया। इसके बाद बदमाश उसके पास से 15 हजार रुपये की नकदी व उसका पर्स छीन कर फरार हो गए। उसके पर्स में उसका आधार कार्ड, बाइक आरसी व अन्य दस्तावेज थे। बदमाशों ने इस दौरान उसकी वीडियो बनाई और उसे धमकी दी कि यदि उसने पुलिस को कुछ बताया तो वे उसे जान से मार देंगे। आसपास के लोगों को एकत्रित होता देख तीनों बदमाश वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे उपचार दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। शहर थाना पुलिस ने दिलीप सिंह की शिकायत पर अज्ञात तीन युवकों पर लूट, मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि मामले में तीन अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें काबू किया जाएगा।