यमुनानगर। बाइक सवार तीन बदमाशों ने गले पर चाकू लगाकर फल विक्रेता से दिनभर की कमाई लूट ली। फल बेचकर विक्रेता को तीन हजार रुपये मिले थे। बदमाशों ने वह भी लूट लिए। बदमाशों ने आम खरीदने के बहाने उसे रोका। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। वारदात सेक्टर 18 के टाउन पार्क के पास हुई। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधी नगर थाना क्षेत्र के गांव बसंत विहार निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वह फलों की रेहड़ी लगाता है। मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपना काम खत्म करके रेहड़ी लेकर घर जा रहा था। जब वह सेक्टर 18 के टाउन पार्क के मेन गेट के सामने पहुंचा तो श्याम सुंदरपुरी की तरफ से बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। इनमें से एक युवक बोला कि रेहड़ी पर जितने आम हैं सब तौल दो। पैसे उसकी मां लेकर आ रही है। उसने आम तौल दिए। तभी बाइक से दो युवक नीचे उतरकर उसके पास आए। एक युवक बाइक स्टार्ट किए हुए खड़ा रहा। बाइक से उतरकर आए युवकों में से एक बदमाश ने उसकी रेहड़ी से चाकू उठाकर उसके गले पर लगा दिया। आरोपी ने धमकी देते हुए रुपयों की मांग की।
इस दौरान दूसरे बदमाश ने उसकी जेब से दिनभर की कमाई लगभग तीन हजार रुपये लूट लिए। रुपये लूटने के बाद तीनों आरोपी बाइक फरार हो गए। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात तीन युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई जसवंत सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनकी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।