संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बुड़िया के अतेपुर मोहल्ला निवासी दिवस छाबड़ा के घर से चोरों ने 80 हजार रुपये, सिंगापुर के डेढ़ सौ डॉलर, सोने की बालियां व चांदी के 20 सिक्के चोरी कर लिए। पिता की मौत के चलते दिवस छाबड़ा अपने परिवार समेत अपने चाचा के घर में सोया हुआ था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
बुड़िया के अतेपुर मोहल्ला निवासी दिवस छाबड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कुछ साल पहले सिंगापुर गया था। कुछ माह पहले ही वह सिंगापुर से वापस आया था। अब वह प्राइवेट नौकरी करता है। उसके पिता अजीत कुमार का निधन 11 दिसंबर को हो गया था। जिस कारण वह अपना मकान बंद करके अपने चाचा इंद्रपाल के घर पर परिवार समेत सोता है। वीरवार की रात करीब 8.30 बजे वह अपने परिवार सहित अपने मकान को ताला लगाकर अपने चाचा इंद्रपाल के घर सोने के लिए चला गया था।
अगले सुबह जब वह अपने घर पहुंचा तो उसने देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा हुआ है। कमरे में रखी अलमारी खुली पड़ी थी। लॉकर टूटा हुआ था। जांच करने पर लॉकर से 80 हजार रुपये, सिंगापुर के डेढ़ सौ डॉलर, बेड की दराज में रखी सोने की बालियां, चांदी के 20 सिक्के व अन्य गहने गायब थो। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी।
बुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि चोर खेत के रास्ते दीवार फांदकर घर के अंदर आए। इसके बाद छत पर चढ़कर मोंटी के दरवाजे के रास्ते घर के अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मेम सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
घर के ताले तोड़ नकदी व गहने चुराएं
तिलक नगर निवासी धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन सुदेश कुमारी विकास नगर में अपने परिवार सहित रहती है। सुदेश आसाम में अपनी बेटी से मिलने गई थी। वहां जाने से पूर्व वह घर का ताला लगा कर गई थी। सुबह जब वह अपनी बहन सुदेश के घर की तरफ गया तो उसने देखा कि दरवाजे पर लगा ताला व दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पाया कि घर से 30 हजार रुपये की नकदी, सोने व चांदी के गहने और अन्य सामान गायब था। उसने इसकी सूचना अपनी बहन को दी। इसके बाद उसने इसकी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया।