यमुनानगर। 105 करोड़ रुपये से बने चार मंजिला मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल पर चोरों की पैनी नजर है। चोर अस्पताल से कोई छोटा मोटा सामान नहीं बल्कि छह फीट ऊंचे दरवाजे तक दीवारों से उतार कर ले जा रहे हैं।
साथ ही खिड़कियों पर लगे जाली के दरवाजे भी चोर उतार चुके हैं। अस्पताल में ही पुलिस चौकी खुली हुई है। लगातार हो रही चोरियों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इतना ही नहीं अस्पताल में चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी लगे हुए हैं। इसके बावजूद चोरियों पर लगाम नहीं लगा पा रही है। अभी तक कितना सामान अस्पताल से चोरी हो चुका है इसका रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल में चौथे तल पर ऑप्रेशन थियेटर के से छत पर जा रही सीढि़यों से लोहे का भारी भरकम दरवाजा चोरी हुआ है। इसी के साथ ही चौथी तल पर लगा साढ़े पांच फीट चौड़ा व छह फीट ऊंचा दरवाजा भी दीवारों से उतार कर चोरी कर लिया गया। इसके पास ही लगी खिड़कियों से लोहे की जाली वाले 10 दरवाजे उतार कर चोरी किए गए हैं।
इनकी कीमत हजारों रुपये है। चोरों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने अस्पताल में पीएमओ कार्यालय में लगी पंचिंग मशीन को भी नहीं छोड़ा। इसी मशीन में अस्पताल का स्टाफ अपनी अंगुलियों की फिंगर प्रिंट स्कैन करके सुबह-शाम हाजिरी लगाया करता था। करीब 15 दिन पहले इस मशीन को चोरी कर लिया गया। जिसकी शिकायत थाने में दी गई थी।
10 ऑक्सीजन सिलिंडर का गत सप्ताह हुआ केस दर्ज :
अस्पताल के बेसमेंट में आपात स्थिति के लिए रखे गए ऑक्सीजन सिलिंडर भी चोर उठा ले गए। जिनकी कीमत लाखों रुपये है।अभी तो 10 सिलिंडर के चोरी होने का ही पता चला है। काफी सिलिंडर तो कोरोना महामारी के दौरान सरस्वती शुगर मिल और इस्जेक कंपनी ने अपने सीएसआर फंड से स्वास्थ्य विभाग को दिए थे। ऑक्सीजन सिलिंडर के चोरी होने का केस गत सप्ताह ही थाने में दर्ज हुआ है।
जनरेटर तक चोरी हो चुका है अस्पताल से:
जिला अस्पताल से जनरेटर तक चोरी हो चुका है। ट्रामा सेंटर का साइलेंट जनरेटर उस वक्त चोरी हुआ था जब 105 करोड़ रुपये से बनने वाले 200 बेड के अस्पताल का निर्माण चल रहा था।
यह जनरेटर इतना बड़ा था कि इसे 20 व्यक्ति भी अपने हाथों से हिला नहीं सकते थे। जिसे उठाने के लिए भी क्रेन की जरूरत पड़ती है। इसके बावजूद जनरेटर अस्पताल से कैसे चोरी हो गया यह हैरान कर देने वाला है। चोर अस्पताल में न केवल क्रेन लेकर आए होंगे बल्कि इसे ले जाने के लिए भी किसी ट्रक या कैंटर का इस्तेमाल किया गया होगा।
अस्तपाल के दो कर्मचारी गिरफ्तार :
अस्पताल में जो सीसीटीवी लगे हैं उसमें दो चोर बेसमेंट से सामान उठाकर बाइक पर ले जाते दिख रहे हैं। बाइक सवार दोनों अस्पताल में ही काम करने वाले कर्मचारी हैं। इनमें एक स्वीपर रोहन व दूसरा सिक्योरिटी गार्ड रजनीश है। रामपुरा चौकी के एएसआई मुकेश ने बताया कि दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल दो सिलिंडर उनसे बरामद कर लिए गए हैं।