यमुनानगर। जिला परिषद कार्यालय में मंगलवार को विश्व शौचालय दिवस मनाया गया। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र ढुल ने ईमानदारी से अपना कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया।
वीरेंद्र ढुल ने कहा कि विश्व शौचालय दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष अभियान 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान हमारा शौचालय हमारा सम्मान शीर्ष व शौचालय संवारें जीवन निहारें आदि टैग लाइन पर अभियान चलेगा। इस दौरान सुरक्षित, स्वच्छ शौचालयों तक पहुंच और उनके उपयोग तथा स्वच्छता की समग्र प्रासंगिकता के बारे में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान व्यक्तिगत घरेलू शौचालय प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इस दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत घरेलू प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रत्येक ग्राम पंचायत से सर्वश्रेष्ठ दो का चुनाव कर खंड को भेजेंगी। खंड की तरफ से सभी पंचायतों में से तीन सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत घरेलू शौचालय का चयन कर जिला को भेजेगा व खंड स्तर तीन सर्वश्रेष्ठ को सम्मानित किया जाएगा।
जिला स्तर पर सभी खंडों से प्राप्त सर्वश्रेष्ठ एंट्री में से जिला के पांच सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत घरेलू शौचालय का चयन व सम्मानित करेगा। सामुदायिक स्वच्छता परिसर शौचालय प्रतियोगिता में प्रत्येक खंड से तीन सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक स्वच्छता परिसर शौचालय का चयन कर जिला को भेजा जाएगा। जिला स्तर पर दो सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक स्वच्छता परिसर शौचालय का चयन किया जाएगा। इसके अलावा अनेक कार्यक्रम करके उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक बलिंद्र कटारिया ने बताया कि इस अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में व्यक्तिगत और सामूहिक शौचालय के प्रयोग और रखरखाव बारे जागरूक करके ग्रामीणों में आपस में प्रतिस्पर्धा करवाई जाएगी जिससे स्वच्छता में सभी की भागीदारी हो सके। कार्यक्रम में बीडीपीओ श्याम लाल, कार्तिक, राजेश सैनी, मुकेश देवी आकाश, ललित सहित गांव के सफाई कर्मी स्वच्छताग्रही सहित हरस्मीन उपस्थित रहे।