यमुनानगर। जिले में चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने गांव प्रभौली में दिनदहाड़े एक मकान को निशाना बनाते हुए तीन लाख सोने-चांदी के गहने, ढाई लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया।
वारदात के समय परिवार के सभी सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। थाना व्यासपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव प्रभौली निवासी शहरबान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह परिवार के साथ किसी काम से घर से बाहर गए थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था। शाम करीब छह बजे जब वे लौटे तो मकान के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले।
अंदर जाकर देखा तो कमरों में रखा सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखी अलमारियों और अन्य सामान की जांच की तो पता चला कि चोर सोने-चांदी के गहने, ढाई लाख रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। थाना व्यासपुर के प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।