संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना गांधी नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला को बीच सड़क पर बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का कारण आरोपियों के साथ पहले से चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रहीश खान व सीमा बेगम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में शिव नगर कैंप निवासी नाशमा ने बताया कि वह किसी निजी काम से ऑटो में सवार होकर कमानी चौक से जगाधरी की ओर जा रही थी। रास्ते में हनुमान मंदिर से थोड़ा आगे ऑटो का टायर अचानक पंक्चर हो गया, जिसके चलते उसे सड़क किनारे खड़ा होना पड़ा। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी। कार से रहीश खान और सीमा बेगम उतरकर बाहर आए और बिना किसी कारण उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।
महिला का आरोप है कि बात बढ़ने पर रहीश खान ने अपनी जेब से बंदूक निकालकर सीधे उसके पेट की ओर तान दी और धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इसी दौरान सीमा बेगम ने उसे पीछे की ओर धक्का दिया और यह कहते हुए डराने की कोशिश की कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, महिला काफी डरी हुई थी और मदद के लिए इधर-उधर देख रही थी।
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों के साथ उसका पहले से विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते उसे पहले भी जान से मारने की धमकियां दी जा चुकी हैं। इस संबंध में वह पहले सेक्टर-17 हुड्डा चौकी में भी शिकायत दर्ज करा चुकी है, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि हथियार की बरामदगी की जाएगी।