पेपर मील के पास ड्राई फ्रुट की खरीदारी करते लोग। आर्काइव
- फोटो : नए साल के जश्न पर सेल्फी लेती युवतियां।
यमुनानगर। नववर्ष के आगमन के साथ ही जिले के बाजारों में ड्राई फ्रूट की मांग तेजी से बढ़ गई है। खासतौर पर बेकरी और मिठाई की दुकानों पर ड्राई फ्रूट खरीदने वालों की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग केक, कुकीज, मिठाइयों के साथ-साथ घरों में उपहार देने के लिए भी ड्राई फ्रूट की खरीद कर रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में ड्राई फ्रूट की बिक्री में सामान्य दिनों की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। ठंड के मौसम में ड्राई फ्रूट सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं, इसलिए लोग इन्हें अपने आहार का हिस्सा बना रहे हैं। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के लिए बादाम, अखरोट, काजू और किशमिश की मांग अधिक है। बेकरी संचालकों का कहना है कि नए साल पर केक और अन्य बेकरी उत्पादों में ड्राई फ्रूट की खपत भी बढ़ जाती है, जिससे थोक खरीदारी में भी तेजी आई है।
रेट और वेरायिटी आकर्षण का केंद्र
बाजार में ड्राई फ्रूट की कई वेरायिटी उपलब्ध हैं, जो गुणवत्ता और आकार के अनुसार अलग-अलग दामों पर बिक रही हैं। ड्राई फ्रूट में अब केवल पारंपरिक वेरायिटी ही नहीं, बल्कि फ्लेवरड और पैक्ड विकल्प भी उपलब्ध हैं। बाजार में सॉल्टेड काजू, रोस्टेड बादाम, हनी-कोटेड ड्राई फ्रूट और मिक्स ड्राई फ्रूट पैक की भी अच्छी मांग है। उपहार के लिए खास गिफ्ट पैक भी तैयार किए गए हैं, जिनकी कीमत 500 से 2,000 रुपये तक है। दुकानदारों के अनुसार वर्तमान में बादाम 700 से 1,000 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे हैं। काजू के दाम 900 से 1,300 रुपये प्रति किलो तक है। अखरोट 500 से 800 रुपये प्रति किलो और किशमिश 350 से 600 रुपये प्रति किलो के बीच मिल रही है। इसके अलावा पिस्ता 1,200 से 1,600 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि ठंड का असर और नववर्ष का उत्साह इसी तरह बना रहा, तो आने वाले दिनों में ड्राई फ्रूट की बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है। ग्राहकों का रुझान देखकर दुकानदार भी बेहतर गुणवत्ता और नई वेरायिटी उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।
पेपर मील के पास ड्राई फ्रुट की खरीदारी करते लोग। आर्काइव- फोटो : नए साल के जश्न पर सेल्फी लेती युवतियां।