संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। तिलक राज चड्ढा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (टीआईएमटी) में दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयी तकनीकी एवं प्रबंधन उत्सव सिनर्जी 2026: व्हेयर स्ट्रेटेजी मीट्स कोड का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन कॉमफिएस्टा 2.0 और टेक्सफियर 3.0 को एक साथ जोड़ते हुए नवाचार, तकनीक और रणनीतिक सोच का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहा है।
इस उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां दूरदर्शी विचारक, कोडर और प्रतिस्पर्धी एक साथ आकर कंपिट, क्रिएट और कॉन्कर की भावना के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन कर सकें। आयोजन के माध्यम से छात्रों में रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता, प्रबंधकीय समझ, समस्या समाधान क्षमता और टीम भावना को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
सिनर्जी 2026 में यमुनानगर और आसपास के प्रतिष्ठित महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पहले दिन वेब क्राफ्ट (द क्लोन चैलेंज), कोड विद एआई, शतरंज चेकमेट चैलेंज, डिबगिंग और टाइप रेसर जैसी तकनीकी व बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रमुख भागीदार संस्थानों में सेठ जय प्रकाश मुकंद लाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, सेठ जयप्रकाश मुकंदलाल इनोवेटिव इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, मुकंद लाल नेशनल कॉलेज, हिंदू गर्ल्स कॉलेज, गुरु नानक खालसा कॉलेज, महाराजा अग्रसेन कॉलेज, डीएवी गर्ल्स कॉलेज, महार्षि मार्कंडेश्वर विश्वविद्यालय मुलाना, राजकीय कॉलेज छछरौली शामिल हैं।