जगाधरी। कोहरे के कारण रेल यातायात प्रभावित है। सुबह की गाड़ियां शाम और शाम की सुबह आ रही है। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को घंटों स्टेशन पर बिताने पड़ रहे हैं। देरी से चल रही ट्रेनों के कारण यात्री समय से अपने गंतव्य पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। आलम यह है कि ट्रेनें 12 से 15 घंटे देरी से पहुंच रही हैं। इस दौरान हावड़ा अमृतसर मेल 14 घंटे बाद पहुंची।
यमुनानगर जगाधरी स्टेशन से अधिकांश गाड़ियां पूर्वोत्तर भारत की ओर जाती हैं। यह सभी ट्रेनें देर रात या अलसुबह रवाना होती हैं। कोहरे के कारण सभी ट्रेनें बेवक्त पहुंच रही हैं। रविवार व सोमवार को भी दो दर्जन से ज्यादा गाड़ियां एक से 14 घंटे की देरी से चली। सबसे ज्यादा अमृतसर मेल, हेमकुंड एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस ने इंतजार करवाया। गाड़ी संख्या 13005 हावड़ा अमृतसर मेल 14 घंटे से ज्यादा लेट रही। यह ट्रेन रात दो बजकर 11 मिनट पर पहुंची है, परंतु यह ट्रेन रविवार रात को नहीं आई। हावड़ा अमृतसर मेल अगले दिन शाम को सवा चार बजे पहुंची। इसके अलावा श्रीगंगानगर से चलकर ऋषिकेश जाने वाली गाड़ी संख्या 14518 इंटरसिटी एक्सप्रेस भी सुबह साढ़े 11 बजे के बजाए शाम साढ़े पांच बजे पहुंची। गाड़ी संख्या 12232 चंडीगढ़ लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार घंटे 38 मिनट और गाड़ी संख्या 12231 लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे 34 मिनट की देरी से चली। गाड़ी संख्या 14610 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा से ऋषिकेश हेमकुंड एक्सप्रेस सवा चार घंटे लेट रही। गाड़ी संख्या 15212 दरभंगा अमृतसर जननायक साढ़े चार घंटे की देरी से पहुंची। गाड़ी संख्या 14681 जालंधर नई दिल्ली इंटरसिटी सवा तीन घंटे की देरी से चली। कोहरे के कारण यह ट्रेन जालंधर से अंबाला के बीच दोनों तरफ रद्द की गई है। गाड़ी संख्या 12331 हावड़ा जम्मूतवी हिमगिरी मेल साढ़े तीन घंटे और गाड़ी संख्या 12332 हिमगिरी मेल दो घंटे आठ मिनट लेट रही। इसी तरह गाड़ी संख्या 14673 जयनगर अमृतसर शहीद एक्सप्रेस तीन घंटे आठ मिनट, गाड़ी संख्या 14609 ऋषिकेश श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा हेमकुंड एक्सप्रेस सवा दो घंटे देर से आई।