संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में शनिवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश व तेज हवाओं ने लोगों को बड़ी राहत दी। मौसम सुहावना होने से लोगों ने इसका खूब आनंद लिया। तेज बारिश की वजह से जगह-जगह जलभराव हो गया। इससे पहले दोपहर तक गर्मी व उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा कर रखे। चिलचिलाती धूप में कुछ देर भी खड़ा होना मुश्किल हो रहा था।
दोपहर बाद अचानक उमड़ कर आए बादल झमाझम बरसे।इजिससे मौसम में कुछ ठंडक महसूस की गई। जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश से आमजन के साथ-साथ खेतों में लहलहा रही फसलों को भी फायदा होगा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार, सोमवार व मंगलवार को जिले में गरज के साथ-साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके बाद बुधवार से शुक्रवार तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।
कई दिनों से लोगों को गर्मी व उमस ने बेहाल कर रखा था। उमस इतनी ज्यादा है कि छाया में खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है। जिससे लोग काफी परेशान है। उमस की वजह से लोगों को शरीर पर घमोरी, एलर्जी व खुजली की शिकायत हो रही है। जिससे राहत पाने के लिए लोगों को दवाई खानी पड़ रही है। खासकर छोटे बच्चों को इससे ज्यादा परेशानी हो रही है। उपचार के लिए उन्हें बार-बार डॉक्टर के पास ले जाना पड़ रहा है।
चुभन वाली गर्मी होने से बच्चे चिड़चिड़े हो रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर बाद भी थोड़ी देर के लिए बारिश हुई थी, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली। परंतु शनिवार को करीब एक घंटे तक हुई बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली है। जगाधरी बस स्टैंड के अंदर व बाहर, अंबाला रोड पर काे-ऑप्रेटिव बैंक के पास, रक्षक विहार नाका, जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे किनारे समेत कई जगहों पर जलभराव हो गया।