छछरौली। दिवाली पर डारपुर गांव में मातम का अंधेरा छाया रहा। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले गांव के दो युवकों की रविवार को एक साथ चिताएं जलीं तो हर आंख नम हो गई। गांव में न तो किसी घर में दीये जलाए गए और न ही आतिशबाजी हुई।
गांव डारपुर निवासी 24 वर्षीय सुनील कुमार और 27 वर्षीय कृष्ण कुमार के शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद दोनों के शव गांव ले जाए गए। एक साथ दो युवकों की अर्थियां उठती देखकर ग्रामीणों की आंखों से आंसू छलक पड़े। श्मशान घाट में दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा।
विज्ञापन
सुनील कुमार और कृष्ण कुमार ट्रालियों से लकड़ी उतारने का काम करते थे। शनिवार शाम को दोनों काम खत्म करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जब वे ढाकवाला गांव के पास पुलिया के नजदीक पहुंचे तो पराली से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए सीएचसी छछरौली ले जाया गया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में जांच के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना छछरौली प्रभारी वेदपाल ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक प्रीतम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।