संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। खराब मौसम भी करवा चौथ पर खरीदारी का उत्साह कम नहीं कर सका। लोगों ने चूड़ियों से लेकर सोने-चांदी के गहनों, कपड़ों, मोबाइल और वाहनों तक की खरीदारी की। कारोबारियों के अनुसार इस बार विभिन्न सभी क्षेत्रों में 80 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है।
सराफा, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कपड़ा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाई, मोबाइल और होम डेकोरेशन की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। पुरुष भी पत्नी के लिए उपहार खरीदने में पीछे नहीं रहे। किसी ने गहने और कपड़े खरीदे तो किसी ने मोबाइल और वाहन उपहार में देने की तैयारी की। इस दौरान 400 से ज्यादा मोबाइल की डिलिवरी हुई।
सर्राफा कारोबारियों के अनुसार जिले में 25 करोड़ से ज्यादा के सोने, चांदी सहित धातुओं के आभूषणों की बिक्री हुई। इस दौरान नगों वाले अभूषणों की भी काफी मांग रही। दंपत्तियों ने एक दूसरे को देने के लिए विशेष रूप से उपहार खरीदें। इसी तरह कपड़ा कारोबार में काफी उछाल देखने को मिला।
महंगी साड़ियाें व लहंगों की काफी मांग रही। दाज, वरी, बनारसी, कांजीवरम, पटोला, बांधनी, लहरिया, पैठानी साड़ियों की काफी मांग रही। इसके अलावा सर्कल या फ्लेयर्ड लहंगा, कलीदार, अनारकली लहंगा, रफल, हाफ साड़ी लहंगा की अच्छी बिक्री हुई है।
वाहनों की बिक्री भी त्योहार के कारोबार का अहम हिस्सा रही। शोरूम संचालकों के अनुसार, पत्नी को उपहार देने के लिए लोगों ने पहले से दोपहिया और चौपहिया वाहनों की बुकिंग करवाई थी। कारोबारियों के मुताबिक करवाचौथ उपलक्ष्य में 115 से अधिक स्कूटर व बाइकों की बिक्री हुई। वहीं, 35 कारों की डिलीवरी दी गई।
बुधवार देर रात तक चली खरीदारी
कारोबारी राजकुमार, धर्मेंद्र कुमार, प्रतीक, मोहित, दीपक बजाज, विजय कुमार, निपुण गर्ग, राधिका, एसएल बतरा, अनिल अरोड़ा और ललित महाजन के अनुसार बाजारों में बुधवार देर रात तक खरीदारी का दौर चला। करवा चौथ की सुबह भी दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही रही। मेहंदी लगाने वाली महिलाओं के पास भी भीड़ दिखाई दी। त्योहार के चलते मिट्टी के सामान से लेकर आभूषणों तक की मांग बनी रही।
करवा चौथ पर दुपहिया वाहन के शोरूम पर लगी लोगों की भीड़। संवाद