संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर/रादौर। बारिश के बाद मंगलवार सुबह लोगों को जिला दुधली चादर ओढ़े दिखाई दिया। इस साल की सर्दी के मौसम की पहली धुंध देखने को मिली।
हालांकि धुंध सोमवार रात को ही पड़नी शुरू हो गई थी। सोमवार रात करीब 12 बजे आसमान पर धुआं सा नजर आया। देखते ही देखते धुंध ने असर दिखाया और शहर सहित पूरा जिले ने कोहरे की चादर ओढ़ ली। वहीं सड़कों, हाईवे व खुले क्षेत्रों में इसका असर ज्यादा दिखाई दिया। धुंध ने सर्दी के आगमन की आहट दे दी है। वहीं मंगलवार की सुबह भारी धुंध रही, जिससे दृश्यता कम रही। इस दौरान दृश्यता करीब सौ मीटर तक रही। नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही धीमी रही।
शहर के चौक चौराहों पर रोशनी के कारण धुंध का असर कम रहा, लेकिन शहर से बाहर कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार में ब्रेक लग गई। इसके अलावा सुबह पार्क इत्यादि में सैर के लिए निकले लोगों कोहरा देखकर हैरान हो गए। ऐसे में लोगों को थोड़ी परेशानी हुई। इस दौरान मंगलवार को सूरज भी देरी से निकला। सुबह की कच्ची धूप बेहद सुहावनी लगी।
इस दौरान डॉ. एससी सैनी, मोहनलाल अरोड़ा, देवीदयाल अरोड़ा, कर्मवीर खुर्दबन, मंजीत सिंह पंजेटा ने बताया कि बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। जिससे सुबह शाम को गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा। ऐसे में लोगों को पंखे तक बंद करने पड़ते हैं। अभी धुंध पड़ने के आसार नहीं लग रहे थे। इस धुंध ने लोगों के जहन में सर्दी का एहसास दिलवा दिया है।