संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में फिर मां की ममता के साथ मानवता को भी शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुराना हमीदा में नवजात बच्ची का शव पॉलिथीन में बांधकर फेंका हुआ था। शव को कुत्ते नोच रहे थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवजात बच्ची के शव को नोचता देख पुराना हमीदा की ब्रहमपुरी कॉलोनी निवासी युवक ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से बातचीत की। लेकिन किसी ने शव की पहचान नहीं की। बाद में एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की।
माना जा रहा है कि जन्म के बाद ही नवजात बच्ची के शव को नाले में फेंक दिया गया था। जांच पुराना हमीदा चौकी इंचार्ज जसवंत का कहना है कि मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। आसपास के आंगनबाड़ी में गर्भवती महिलाओं का रिकार्ड जांचा जाएगा। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। जिले में पहले भी नवजात के शव मिलने के कई मामले आ चुके है।