संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बिजौली गांव में खेत की मेड़ पर मिट्टी रखने के विवाद में दो भाइयों ने घर में घुसकर दंपती पर गंडासी व कस्सी से हमला कर घायल कर दिया। दंपती का उपचार अस्पताल में चल रहा है। बिलासपुर थाना पुलिस ने दोनों भाइयों व उनके मामा को नामजद किया है।
िनसार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 फरवरी को वह अपने मजदूर सुरेश कुमार के साथ खेत में मेढ़ पर मिट्टी लगा रहे थे। तभी वहां पर गांव का ही मुस्ताक आया और मेढ़ पर मिट्टी डालने को लेकर एतराज किया। वह डोल काटने का भी आरोप लगाने लगा। इस बात को लेकर बहस हो गई। उस समय आरोपी वहां से चला गया। अगले दिन आरोपी ने खेत की डोल को तोड़ दिया।
इसके बाद आरोपी ने धमकी भी दी कि यदि दोबारा मिट्टी लगाई तो कस्सी से काटकर जमीन में दबा देंगे। 18 फरवरी को वह रिश्तेदारी में इब्राहिमपुर गया हुआ था। तभी घर से पत्नी शुगरा ने फोन किया कि मुस्ताक व उसका भाई रूस्तम घर पर आकर गाली गलौज कर रहा है। जिसके बाद रिश्तेदारी से गांव में पहुंचा तो आरोपियों ने कस्सी व गंडासी से हमला कर दिया।
बीच बचाव में पत्नी आई तो उसे गंडासी से वार कर घायल कर दिया। बाद में आसपास के लोग एकत्र हुए। पुलिस ने आरोपी मुस्ताक, उसके भाई रुस्तम व मामा अकरम पर केस दर्ज किया है।