संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। व्यासपुर रोड स्थित सभरवाल अस्पताल के डॉक्टर दंपती को बेसुध कर नेपाल निवासी रसोइया सुनील उर्फ कूका छह लाख रुपये व 300 यूएस डॉलर (लगभग 25,839.96 रुपये) तथा एक मोबाइल लेकर फरार हुआ है। ये बयान डॉ. नवीन सभरवाल ने होश में आने के बाद थाना शहर जगाधरी पुलिस को दर्ज कराए हैं। उनकी पत्नी डॉ. पूनम सभरवाल अभी स्थिर नहीं है, इसलिए वे कुछ भी बताने में असमर्थ हैं।
सोमवार को नेपाल रसोइया डॉक्टर दंपती को चाय में नशे की दवा मिलाकर पिला दी थी, जिसके बाद दोनों बेहोश हो गए थे, उसके बाद रसोइये ने अरमारियों को खंगाल वहां से यह राशि व मोबाइल लेकर फरार हो गया। जिसकी तलाश में पांच टीमें लगी हैं। वहीं फॉरेंसिक टीम ने चाय के सैंपल तथा रसोई में रखे बर्तनों को कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब में भिजवा दिया है।
डॉक्टर दंपती को एक नौकर की आवश्यकता थी, इस पर उन्होंने कुरुक्षेत्र की एक प्लेसमेंट कंपनी से दो माह पूर्व नेपाली को रसोइये के तौर पर अपने घर पर रखा था। ऐसे में इन दो माह में वह डॉक्टर परिवार के रहन-सहन को अच्छे से जान गया होगा। वहीं डॉक्टर फेमिली को सुबह चाय पीने की भी आदत थी। इसलिए उसने चोरी करने का इरादा बनाया होगा और सोमवार को मौका पाते ही दोनों को चाय में नशीली दवा मिलाकर पिला दी।
इसके बाद अलमारी में रखी छह लाख नकदी, 300 यूएस डॉलर और अलग से एक मोबाइल लेकर फरार हो गया। वहीं उधर, थाना शहर जगाधरी पुलिस का कहना है डॉक्टर परिवार ने अपने यहां रखे नेपाली रसोइये की थाने में कोई जानकारी नहीं दी थी, नियमानुसार जब कोई नौकर रखा जाता है तो उसके सत्यापन के लिए संबंधित थाना में आवेदन करना होता है।
डॉक्टर नवीन सभरवाल ने बयान दर्ज करा दिए हैं। उनके मुताबिक आरोपी नौकर घर से लगभग छह लाख, 300 यूएस डॉलर और एक मोबाइल लेकर भागा है। नौकर की तलाश के लिए टीमें लगी हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - राजपाल, एसएचओ, थाना शहर जगाधरी।