संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिक्षकों के लंबित कार्यों व एसीपी के मामलों के निपटान के लिए कमेटी का गठन किया है। यह जिलास्तरीय कमेटी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के अधीन कार्य करेगी। कमेटी का गठन किए जाने का अध्यापकों ने स्वागत किया है।
कमेटी में उप-जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी पिरथी सैनी, तेजली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य मो. सलीम, कलावड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्राचार्य सर्वोदय गोयल, कनालसी राजकीय माध्यमिक विद्यालय के मुख्याध्यापक महा सिंह को शामिल किया है। यह कमेटी शिक्षकों के लंबित एसीपी सहित अन्य विवादों का निपटान करेगी।
कमेटी गठित करने के आदेश जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने दिए हैं। डीईईओ ने पत्र जारी कर आदेश दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर यह कमेटी कार्यालय में उपस्थित होकर मामलों का निपटान करना सुनिश्चित करेगी। राजकीय अध्यापक संघ के जिला प्रधान महेंद्र सिंह कलेर ने कहा कि शिक्षकों के एसीपी के मामले जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय स्तर पर काफी समय से लंबित हैं।
कार्यालय की ओर से मामलों में बार-बार आपत्ति लगा दी जाती है, जिससे कारण शिक्षक काफी तनाव में हैं। इसके लिए संघ की ओर से कई बार अधिकारी से बैठक, ज्ञापन देने के साथ प्रदर्शन भी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय कमेटी के सहयोग से लंबित मामलों का जल्द निपटान होने की अध्यापकों में उम्मीद जगी है। उन्होंने कमेटी के सदस्यों को भी इसमें शिक्षकों का यथासंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही जल्द मामले हल होने की उम्मीद जताई है।