संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शहर निवासी अंतरराष्ट्रीय शूटर संजीव राजपूत ने आईएसएसएफ जूनियर विश्वकप फिर देश का नाम रोशन कर दिया है। कभी इसी विश्व कप में देश के लिए सोना जीतने वाले संजीव राजपूत अब अपनी टीम को इसमें पदक दिलवाकर लाए हैं। आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप 18 से 27 अप्रैल तक मिस्र के काहिरा में करवाया गया था।
संजीव राजपूत भारतीय टीम के कोच हैं। वे आईएसएसएफ विश्व कप में स्वयं स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं। इस टीम में हरियाणा के रोहतक निवासी रोहित कन्यान ने रजत पदक जीता है। विश्वकप में 27 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इससे पूर्व 10 से 17 अप्रैल तक नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में तैयारी शिविर लगाया गया था। संजीव ने बताया कि राइफल स्पर्धा में 16 निशानेबाजों ने भाग लिया और एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते हैं। उन्होंने बताया कि रोहतक के रोहित कन्यान ने 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर पुरुष स्पर्धा में रजत पदक जीता है।
महाराष्ट्र की प्राची गायकवाड़ ने 50 मीटर राइफल जूनियर महिला स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। प्राची का क्वालीफाइंग स्कोर 600 में से 578 रहा। उन्होंने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 354.6 के कुल स्कोर से जीत हासिल की। एआईएन के चुप्रीस दरिया 354.4 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। एआईएन युद्ध ग्रस्त देशों को कहा जाता है और खिलाड़ी स्वतंत्र रूप से भाग लेते हैं।
मध्य प्रदेश के निशानेबाज हेमंत बर्मन ने 50 मीटर राइफल तृतीय स्थान जूनियर पुरुष स्पर्धा में रजत पदक जीता है। उनका क्वालीफाइंग स्कोर भी 578 रहाष अंतिम प्रतियोगिता में उनका स्कोर 351.7 रहा। इसमें कजाकिस्तान के नोस्कोव ओलेग ने स्वर्ण पदक जीता, उन्होंने फाइनल में 355.6 का नया जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाया। पुराना जूनियर विश्व रिकॉर्ड भारतीय निशानेबाज एड्रियन कर्माकर के नाम था।
ये हैं संजीव राजपूत की उपलब्धियां
संजीव राजपूत भारतीय शूटिंग टीम के कोच, तीन बार के ओलंपियन और राइफल शूटिंग में अर्जुन पुरस्कार विजेता हैं। उन्होंने राष्ट्रीय विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेलों और आईएसएसएफ विश्व कप में कई पदक जीते हैं। उन्होंने जूनियर निशानेबाजों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रशिक्षित किया है। इसमें आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप पेरू 2024, आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप सुहल जर्मनी 2024 और 2025 शामिल हैं। वे आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप हनोवर जर्मनी में 2024 में भारतीय बधिर शूटिंग टीम के राइफल कोच भी रहे हैं।