संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा रोडवेज परिचालकों व चालकों की मनमानी विद्यार्थियों पर भारी पड़ रही है। परिचालक रोडवेज की बसों में छात्रों को बैठाने से मना कर रहे हैं। केवल इस शर्त पर ही बिठाया जा रहा है कि वह बीच रास्ते में उन्हें नीचे नहीं उतारेंगे। इसे लेकर कॉलेजों में जाने वाले विद्यार्थियों ने रोडवेज परिचालक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में परिचालक दामला में बस नहीं रोकने की बात कह रहा है। जब छात्र कहते हैं कि रोडवेज जीएम के आदेश हैं कि दामला में बस रुकेगी तो परिचालक अजीब सा जवाब देता है। वह कहता है कि क्या जीएम को एप्लीकेशन देने से दामला में बस रुक जाएगी। वह यहां तक कहता है कि आगे से जिस मर्जी के पास चले जाना, बस में बैठ गए तो दामला के बजाय सीधा रादौर उतारुंगा।
कुछ छात्र यमुनानगर स्टैंड से रोडवेज की बस में बैठते हैं। वह दामला के कॉलेजों में पढ़ते हैं। छात्र रुपये देकर परिचालक से दामला का टिकट मांगते हैं। परंतु परिचालक यह कहते हुए टिकट देने से मना कर देता है बस दामला में नहीं रूकेगी। वह कहता है कि हमें हिसार जाना है। मैं यहां दामला की सवारी ढोने नहीं आया हूं। छात्र कहते हैं कि अगर आपके पास बस नहीं रोकने की लिखित में अनुमति है तो वह हमें दिखा दें।
सभी छात्र रोडवेज जीएम से मिले थे। जीएम ने आदेश दिए थे कि दामला में रोडवेज की सभी बसें रूक कर चलेंगी। इस बारे में हमारे पास लिखित में एप्लीकेशन भी है। परिचालक कहता है कि क्या एप्लीकेशन से बस दामला में रूक जाएगी। छात्र यह भी कहते हैं कि उनके पेपर चल रहे हैं और आप कह रहे हो कि बस नहीं रूकेगी। परिचालक दूसरी बस में आने को कहता है।
काफी देर बहस होने के बाद परिचालक दामला की टिकट काट देता है। लेकिन टिकट काटते समय परिचालक यह भी कहता है कि आज तो वह टिकट दे रहा है। कल से बस में चढ़े तो सीधे रादौर में उतारुंगा। फिर चाहे जीएम को एप्लीकेशन देना या फिर किसी और को। फिर चाहे तेरा पेपर ही क्यों न हो। जिसके पास चाहे चले जाना, लेकिन बस नहीं रूकेगी।
बसों की कमी से परेशानी : उपेंद्र कुमार
छात्र नेता उपेंद्र कुमार का कहना है कि बसें नहीं रुकने की समस्या केवल रादौर रोड पर ही नहीं बल्कि सभी रूटों पर है। दामला में स्टॉपेज है, फिर भी वहां पर बसें नहीं रोकी जाती। परिचालकों का एक ही जवाब होता है कि यदि वह बीच रास्ते की सवारी उतारेंगे तो उन्हें अपने स्टेशन पर जाने में देरी हो जाएगी। अब परीक्षाएं चल रही हैं। यदि यही रवैया रहा तो इससे विद्यार्थी परीक्षा देने से भी वंचित रह सकते हैं।
जिस बस का यह वीडियो बनाया गया है, वह कुरुक्षेत्र डिपो की है। हमने सभी परिचालकों से कह रखा है कि वह दामला में बस रोक कर चलें। इसके लिए दामला में एक कर्मचारी भी तैनात कर रखा है जो बसों को रुकवा कर बच्चों को बैठाता है। - संजय रावल, महाप्रबंधक, यमुनानगर डिपो।