बैंक से लोन लेने के नाम पर दलाल शहर के ट्रांसपोर्टर से ट्रक ले गया। उसने न तो ट्रक लौटाया और न ही छह लाख रुपये। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
थाना गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में कृष्णा नगर चांदपुर के जोगिंद्र सिंह ने बताया कि उसका ट्रांसपोर्ट का काम है। उसने एक ट्रक 16 नवंबर को चार लाख 80 हजार रुपये में पंजाब के जिला पटियाला बुधमोर निवासी सोनी सिंह से खरीदा था। पंजाब के मोगा में जब उनके ट्रक जाते थे तो मोगा के दलेके की पुरानी फिरनी निवासी इकबाल सिंह वहां पर दलाली का काम करता था, जिस वजह उसकी उससे अच्छी जान पहचान हो गई थी। इकबाल सिंह ने उक्त ट्रक को उससे खरीदने का ऑफर दिया। पंजाब में चलने के कारण उन्होंने ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर बदलवा लिया था। इकबाल ने उससे ट्रक को खरीदने को लेकर सारे कागजात भी तैयार करवा लिए थे। साथ ही वादा किया था कि वो बैंक से ट्रक पर लोन करवा कर उसकी रकम वापस कर देगा। ट्रक का सौदा छह लाख रुपये में तय हुआ था। इकबाल सिंह ट्रक यमुनानगर से यह कह कर ले गया था कि लोन करवाने के लिए ट्रक बैंक वालों को दिखाना है। वहां से लौटते ही उसका ट्रक वापस कर देगा। परंतु आरोपी ने काफी समय बीतने पर भी ट्रक उसे नहीं लौटाया। इतना ही नहीं वह ट्रक की राशि छह लाख रुपये भी नहीं दे रहा है। यदि वह ट्रक और रुपये मांगता है तो इकबाल सिंह उसे जान से मारने की धमकी देता है। हताश होकर उसने थाने में शिकायत दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।