यमुनानगर। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने विधानसभा क्षेत्र रादौर के गांव पोटली में शामली-अंबाला नेशनल हाईवे पर अंडरपास रास्ते को लेकर शुक्रवार को डीसी कार्यालय में एनएचएआई के अधिकारियों, ग्रामीणों एवं किसान नेताओं की बैठक ली, ताकि रास्ते को लेकर बनी ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया जा सकें।
कृषि मंत्री ने बैठक में कहा कि सरकार का सबसे पहले यही उद्देश्य रहा है कि किसानों खेतों में आने जाने के लिए पक्के रास्तों का प्रबंध किया जाए, ताकि किसानों को अपने खेत से फसलों को ले जाने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। गांव पोटली में किसानों के लिए समस्या बना यह रास्ता रेवेन्यू रिकॉर्ड का है, जिसे कभी भी बंद नहीं किया जा सकता।
उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से कहा कि गांव पोटली के किसानों का यह रास्ता ठीक नहीं हुआ तो किसानों को आने वाले समय में भी बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। डीसी प्रीति ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने रीजनल हेड से संपर्क करके रास्ते की समस्या से अवगत कराएं और एनएचएआई के अधिकारियों के संज्ञान में लाए। रास्ते की समस्या का हल निकालने के लिए किससे संपर्क किया जाए ताकि समस्या का समाधान किया जा सकें। जब तक समाधान करने का सही तरीका मालूम नहीं होगा तब तक इस समस्या का समाधान नहीं होगा।