संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के गांव रायपुर स्थित जय श्री प्लाईबोर्ड फैक्टरी में रिपेयर करते समय प्रेस मशीन के नीचे दबने से मुंशी की मौत हो गई। परिजनों ने फैक्टरी मालिक पर पुरानी मशीन पर जबरन काम करवाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस न मृतक मुंशी के चचेरे भाई की शिकायत पर फैक्टरी मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में भागू माजरा निवासी सुशील कुमार ने बताया कि उसके चाचा का लड़का राजेश कुमार (39) गांव रायपुर स्थित जय श्री प्लाइबोर्ड फैक्टरी में मुंशी के पद पर काम करता था। आरोप है कि फैक्टरी मालिक की ओर से उसके चचेरे भाई राजेश को मैकेनिक का भी काम लिया जाता था। आरोपी फैक्टरी मालिक राजेश से जबरदस्ती मैकेनिक का काम लेता था।
उसे वीरवार की देर शाम सूचना मिली कि फैक्टरी में रिपेयर करते समय अचानक उस पर प्रेस मशीन राजेश पर गिर गई है। अन्य मजदूरों ने उसे मशीन के नीचे से निकाला और निजी अस्पताल में पहुंचाया। वहां उसके चचेरे भाई राजेश की मौत हो गई। जब वह अस्पताल में पहुंचे तो उन्हें राजेश मृत हालत में मिला। उसे पता चला कि फैक्टरी में सुरक्षा के इंतजाम बिल्कुल भी नहीं थे। जिस प्रेस मशीन पर उसका चचेरा भाई राजेश काम कर रहा था वह काफी पुरानी थी।
आरोप है कि फैक्टरी मालिक ओम प्रकाश सैनी ने जबरदस्ती राजेश को उस प्रेस मशीन पर काम करने के लिए लगाया था। इस दौरान प्रेस मशीन खराब हो गई। जब राजेश मशीन की रिपेयर कर रहा था तो वह उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि यह हादसा फैक्टरी मालिक की लापरवाही से हुआ है। सदर थाना प्रभारी बलराज सिंह का कहना है किआरोपी फैक्टरी मालिक पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।