संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में रविवार को हुई बारिश से मौसम बिल्कुल बदल गया। इस दौरान अधिकतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान रविवार को लुढ़ककर 26.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 21.8 डिग्री से गिरकर 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश और तेज हवा से मौसम में ठंडक घुल गई। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के बाद दोपहर को घने बादलों ने अंधेरा कर दिया। इसके बाद तेज हवा चली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। अचानक बारिश से मौसम ठंडा हो गया। जिले में चार दिन से बारिश के आसार बने हुए थे। रोजाना आसमान में काले बादल उमड़ रहे थे, लेकिन कुछ क्षेत्रों में ही बारिश हो रही थी।
रविवार सुबह से ही बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलती रही। दोपहर करीब 12 बजे अचानक घने काले बादल छा गए। इससे दिन में ही शाम सात बजे जैसा अंधेरा दिखाई देने लगा। कुछ देर तेज हवा चलने के बाद बारिश शुरू हो गई। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे से शाम पांच बजे तक बारिश का दौर चला। इस दौरान करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद भी हवा चलती रही, जिससे मौसम ठंडा हो गया।
शनिवार के मुकाबले रविवार को न्यूनतम तापमान में भी 2.2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। शनिवार को न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को 19.6 डिग्री सेल्सियस रह गया। बारिश के दौरान हवा की रफ्तार करीब 16 किलोमीटर प्रतिघंटा रही, जबकि दिनभर हवा की औसत गति करीब 10 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई।
बुधवार तक बादल छाने के आसार
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. अजीत सिंह के अनुसार, आगामी दिनों में मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। बुधवार तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हवा चलने से तापमान सामान्य बना रहने और सुबह-शाम व रात के समय ठंडक महसूस होने का अनुमान है। वहीं, शुक्रवार को बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश में शहर की मॉडल टाउन रोड से जाते लोग। संवाद