जगाधरी। सनातन धर्म वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे एनएसएस शिविर का रविवार को पांचवां दिन रहा। शिविर की शुरुआत योगाभ्यास व एनएसएस लक्ष्य गीत से की गई। प्रथम सत्र में इस्कॉन मंदिर से आए साहिल ने विद्यार्थियों को मन पर नियंत्रण की कला के बारे में बताया।
पहले सत्र में एसएमओ दिनेश एवं जिला समन्वयक योगेश ने विद्यार्थियों को जीवन से जुड़े जीवंत उदाहरणों से प्रेरित किया। उन्होंने संघर्ष करके सफलता पाने वाले लोगों की जीवनी के बारे बताया। विद्यालय प्राध्यापक संजीव कुमार ने स्वयंसेवकों को एनएसएस स्काॅर्फ के सही उपयोग के बारे बताया। वहीं, उन्होंने टू-हैंड चेयर और थ्री-हैंड चेयर के प्रायोगिक रूप की जानकारी दी।
दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को प्रेरणादायक फिल्म सुपर-30 दिखाई गई। फिल्म से विद्यार्थियों को शिक्षा मिली कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास व सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। फिल्म ने यह संदेश दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी यदि संकल्प मजबूत हो तो सफलता अवश्य मिलती है। इसके अलावा विद्यार्थियों ने शिविर की विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर सेवा कार्य करें।