जगाधरी। फरीदाबाद अग्नि व विस्फोट कांड के जान गंवाने वाले भवीचंद शर्मा व रणवीर को शहीद का दर्जा देने, आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और नियमित नौकरी, विभाग के नियमित व अनियमित दमकल कर्मचारियों के 22 सूत्रीय मांगपत्र के समाधान को लेकर जिले के मुख्य व छछरौली उप दमकल केंद्र पर कर्मचारियों की सभाएं हुई। यहां पदाधिकारियों ने कहा कि महानिदेशक से हुई बैठक बेनतीजा रही है और कर्मचारी आठ व नौ अप्रैल को हड़ताल करेंगे।
सभाओं में नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा कि तीन अप्रैल को पंचकूल के सेक्टर-12 स्थित दमकल निदेशालय में महानिदेशक से बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद यूनियन की राज्य कमेटी ने 8 व 9 अप्रैल को पूर्व घोषित दो दिवसीय हड़ताल करने का ऐलान किया है। यदि सरकार ने 9 अप्रैल तक मांगों का समाधान नहीं किया, तो दो दिवसीय हड़ताल अनिश्चितकालीन तक बढ़ाने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि फायर महानिदेशक सतबीर सिंह, उपनिदेशक रोमी सिंगला, एडीएफओ (तकनीकी) सज्जन सांगवान, लेखाकार नितिन पाल व अधीक्षक अमर सिंह सहित विभागीय अधिकारियों और यूनियन के राज्य प्रतिनिधिमंडल के बीच करीब दो घंटे चर्चा हुई। परंतु किसी भी मांग का समाधान नहीं किया गया। महानिदेशक ने अग्निकांड में जान गंवाने वाले कर्मचारियों को शहीद का दर्जा, एक-एक करोड़ की आर्थिक सहायता व एक सदस्य को नियमित नौकरी देने में असमर्थता जताई। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। हालांकि फायर महानिदेशक से छह अप्रैल को प्रतिनिधि मंडल को वार्ता का न्योता दिला है। ऐसे में इस वार्ता के तुरंत आंदोलन पर निर्णय किया जाएगा। इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा जिला सचिव सतीश कुमार, अग्निशमन से राज्य मुख्य संगठन कर्ता संतोष, राज्य सचिव मंजीत सिंह, ऑडिटर रणदीप सिंह, जिला प्रधान विजेंद्र सिंह, सचिव रिंकू कुमार, कोषाध्यक्ष ललित कुमार, हरमिंद्र सिंह, अमित, कुलदीप, मोहन, परमाल, सुशील, राजकुमार, भूपेश लोकेश, शुभम, सुखबीर, तेजिंद्र सिंह, विक्की वालिया सहित अन्य उपस्थित रहे। संवाद
-