संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बहादुरगढ़ में सात से 12 जुलाई तक होने वाली राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए सोमवार को जिला तैराकी टीम का चयन होगा। इसके लिए संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल में आठ बजे से छह आयु वर्ग के खिलाड़ियों के ट्रायल होगा। जिला तैराकी संघ ने ट्रायल की तैयारी पूरी कर ली है।
संघ के महासचिव अनिल शर्मा ने बताया कि सीनियर वर्ग में 14 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष व महिला खिलाड़ियों के ट्रायल होंगे। इसी तरह जूनियर वर्ग के ग्रुप-1 में 15 से 17 वर्ष और ग्रुप-2 में 13 से 14 वर्ष के आयु वर्ग शामिल हैं। सब जूनियर वर्ग के ग्रुप-3 में 11 से 12 वर्ष, ग्रुप-4 में 9 से 10 वर्ष, ग्रुप-5 में 7 से 8 वर्ष व ग्रुप-6 में 6 वर्ष व उससे कम के आयु वर्ग शामिल हैं।
इन आयु वर्ग में लड़के-लड़कियों दोनों ट्रायल में हिस्सा ले सकते हैं। इसके लिए तैराकों को अपने साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। ट्रायल के जरिए जिन खिलाड़ियों का चयन होगा, उनसे जिला तैराकी टीम बनेगी। यह टीम बहादुरगढ़ में सात से 12 जुलाई तक होने वाली राज्य स्तरीय स्पर्धा में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
ट्रायल के लिए जिला तैराकी संघ की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। खिलाड़ियों से अपील है कि अधिक संख्या में ट्रायल में हिस्सा लें, जिससे उन्हें जिला तैराकी टीम का हिस्सा बनने और राज्य स्तर पर स्पर्धा में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।