संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। अमेरिका के भारत पर टैरिफ लगाने के विरोध में व्यापारी सड़क पर उतर आए हैं। इसे लेकर व्यापारियों ने स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान शुरू किया है। जिसके तहत रविवार को व्यापारियों ने शहर के व्यस्त शहीद भगत सिंह चौक पर हनुमान चालीसा का पाठ किया और विदेशी सामानों व कंपनियों का बहिष्कार करने के लिए लोगों से अपील की।
इस दौरान व्यापारियों ने स्वदेशी के समर्थन व विदेश के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और व्यापारियों ने विदेशी कंपनियों का पुतला भी फूंका। यह प्रदर्शन उद्योग व्यापार मंडल की ओर से स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान के तहत बुलाया गया था। जिसका नेतृत्व प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र मित्तल ने किया। अभियान से व्यापारी लोगों से विदेशी सामान का बहिष्कार कर स्वदेशी अपनाने की अपील की।
मित्तल ने कहा कि यह आंदोलन विदेशी कंपनियों के खिलाफ है, जो हमारा धन अपने देशों में लेकर जा रही और वे देश भारत को ही आंखें दिखा रहे हैं। सभी देशों की कंपनियों के लिए भारत विश्व की सबसे बड़ी मंडी हैं और उनकी दो तिहाई आमदनी भारत पर निर्भर करती है। यह 9 अगस्त 1942 को शुरू हुए अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति में है।
इसमें विदेशी कंपनी भारत छोड़ों का नारा दिया गया है। यह कंपनियां 21वीं सदी की ईस्ट इंडिया है, जो धीरे-धीरे लोगों को गुलाम बना रही है। वहीं, अमेजन, वॉलमार्ट (फ्लिपकार्ट) इत्यादि ई-कॉमर्स दिग्गजों को 21वीं सदी की ईस्ट इंडिया कंपनी हैं। ये कंपनियां भारतीय खुदरा व्यापार को कमजोर कर करोड़ों छोटे व्यापारियों और उद्योग को हाशिये पर ले जा रही है।
दीपमाला ने कहा कि त्योहारों पर लोग विदेशी सामान की बिल्कुल खरीद न करें और व्यापारी भी अपनी दुकानों पर विदेशी सामान की बिक्री न करें। कुछ दिन की दिक्कत होगी और फिर स्वदेशी सूरज चमकेगा। इस दौरान तरुण शर्मा, विजय सेठी, नरेश सागर, राजू सागर, विजय मिड्ढा, रिंपी बत्तरा, सचिन, दीपक सहजवानी, मनीष चौधरी, बबलू गोयल, विपिन गुप्ता, सतविंद्र चावला, कर्ण, दीपक कपूर, दीपक वर्मा, विजय, ममता सेन, मीनाक्षी आदि उपस्थित रहे।
शहीद भगत सिंह चौक पर स्वदेशी स्वालंब अभियान के दौरान नारेबाजी करते व्यापारी। संवाद