संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कई दिन के बाद रविवार को सुबह सुबह धूप खिली। धूप ने छुट्टी का दिन सुहावना बना दिया। इस दौरान अधिकांश लोग दिनभर धूप में बैठे दिखाई दिए। कड़ाके की सर्दी व धूप न निकलने के कारण कई सुनसान नजर आने वाले पार्कों व बगीचों में भी रविवार को खूब रौनक रही।
बाजार में अन्य दिनों की अपेक्षा लोगों की उपस्थिति अधिक रही। बाजार में लोगों की उपस्थिति से दुकानदारों के चेहरे भी खिल गए। कई दिन कड़ाके की ठंड के कारण कारोबार भी ठंडा था। वहीं रविवार तड़के घना कोहरा रहा। कोहरे के कारण लोगों को परेशानी हुई। कोहरा इतना घना था कि दृश्यता पांच मीटर तक रही।
करीब सात बजे तेज हवा से कोहरा छट गया, जिसके बाद सुबह नौ बजे अच्छी धूप खिली। सुबह सुबह खिली धूप से लोगों के चेहरे भी खिल गए। इस दौरान लोगों ने धूप में बैठकर दिनचर्या के काम किए और मौसम का लुत्फ उठाया। परंतु इस दौरान पूरा दिन तेज हवा चली।
धूप में हवा का असर तो न दिखा, लेकिन शाम को हवा के कारण ठिठुरन रही। धूप निकलने से तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान 14 किलोमीटर प्रति घंटों की रफ्तार से सर्द हवा चली, जिसने लोगों को काफी परेशान किया। बर्फीली हवा के चलते दिन ढलने के बाद लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। धूप ने भले ही कड़ाके की सर्दी से राहत दिलवाई है, लेकिन सर्दी से अभी राहत मिलने के आसार नहीं है।