संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा कौशल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिला लेने का शेड्यूल जारी कर दिया है। शेड्यूल के अनुसार एक जून से विद्यार्थी आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विद्यार्थी स्वयं व साइबर कैफे के अलावा आईटीआई में आकर भी आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने अभी केवल आवेदन की तिथि जारी की है। मेरिट लिस्ट, सीट अलॉटमेंट सहित अन्य शेड्यूल जून के मध्यम में पोर्टल पर जारी किया जाएगा। प्राचार्य भूपेंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है।
संस्थान में आवेदन करने के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। इसके लिए स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। आवेदन पूरे सप्ताह किया जाएगा। विभाग ने अभी आवेदन शुरू करने की अधिसूचना जारी की है, जबकि पूरा शेड्यूल जून के मध्यम में जारी किया जाएगा।
जिले की सबसे बड़ी, पुरानी व नोडल आईटीआई में दाखिला लेना विद्यार्थियों की प्राथमिकताओं में शुमार है। इस संस्थान में सबसे ज्यादा कोर्स करवाए जाते हैं और सबसे ज्यादा सीटें भी इसी में हैं। इसमें कुल 31 कोर्स के साथ 83 यूनिट संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा संस्थान में एनसीसी, एनएसएस सहित अन्य यूथ क्लब हैं।
जिले में सात राजकीय और 14 निजी आईटीआई
जिले में कुल सात राजकीय आईटीआई हैं। निजी आईटीआई की संख्या 14 है। सबसे बड़ी व पुरानी आईटीआई शहर के जगाधरी वर्कशॉप रोड पर है और यही नोडल आईटीआई है। इसके अलावा छछरौली में दो, प्रतापनगर में एक, साढौरा में एक, नाचरौन में एक और सरस्वतीनगर में एक आईटीआई है। इसके अलावा 14 निजी आईटीआई संस्थान हैं। सबसे ज्यादा सीट और सबसे ज्यादा ट्रेड व यूनिट नोडल आईटीआई में है। इस आईटीआई कुल 32 ट्रेड हैं और इनकी कुल 89 यूनिट संचालित की जा रही हैं। इस आईटीआई में कुल 1348 सीट हैं। अधिक ट्रेड, यूनिट व बड़ा संस्थान होने के कारण यह विद्यार्थियों की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके बाद साढौरा आईटीआई है, जिसमें कुल 16 ट्रेड्स करवाई जाती हैं और इसमें कुल 448 सीटें हैं।