माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने ऑनलाइन दाखिले के लिए पंजीकरण तो शुरू कर दिया है, लेकिन विभाग के पोर्टल की धीमी गति विद्यार्थियों के लिए मुसीबत खड़ी कर रहा है। एक आवेदन को भरने में कई बार तो आधा घंटा तक लग जाता है। वहीं कई अन्य परेशानियां भी सामने आ रही हैं। इसको लेकर कालेजों की ओर डीएचई से पत्राचार भी किया जा रहा है, ताकि इनका समाधान मिल सकें।
सबसे ज्यादा दिक्कतें परिवार पहचान पत्र को लेकर है, जिनमें रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदल जाने पर विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं। जिले के करीब 15 हजार विद्यार्थी 11 कालेजों में नामांकन कर रहे हैं। ऑनलाइन दाखिला आवेदन करने से पहले माक ड्रिल का आयोजन किया गया था। इसमें प्रत्येक कालेज ने कुछ फार्म अपलोड करके देखे गए थे ताकि पता चल सके कि पोर्टल में कोई दिक्कत तो नहीं है। इसी को लेकर शेड्यूल रद्द कर नया शेड्यूल जारी किया गया था, जिसके तहत 26 अगस्त तक आनलाइन दाखिला किया जा सकता है।
कॉलेजों में पहुंचे कई विद्यार्थियों ने हेल्प डेस्क को बताया किदिन में कई बार पोर्टल काफी धीमा हो जाता है। कई बार ओटीपी आने में भी समय लग जाता है। खास बात यह कि हरियाणा के विद्यार्थियों को आवेदन करते समय परिवार पहचानपत्र देना होता है। यदि उनके पास यह नहीं है तो उनका पंजीकरण नहीं हो रहा है। वहीं ऐसे भी विद्यार्थी हैं जिनके पहचान पत्र या आधार कार्ड में मोबाइल नंबर बदल गया है। इस कारण उन्हें मैसेज नहीं आ रहा है।
ऑनलाइन पोर्टल में परिवार पहचान पत्र व आधार को लेकर कई दिक्कतें आ रही हैं। जिससे विद्यार्थी परेशान हैं। जिनको ओटीपी नहीं आता, वे विद्यार्थी अपनी रजिस्टर्ड ईमेल पर ओटीपी चेक कर सकते हैं। विद्यार्थियों की समस्या के बारे में उच्चाधिकारियों से बात की जा रही है। -डॉ. बलजीत कौर, प्रिंसिपल, छछरौली सरकारी कॉलेज