संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती पर जिले के सभी विद्यालयों में अष्टादश श्लोकी गीता का सामूहिक ऑनलाइन वाचन करवाया गया। इसमें जिले के सभी खंडों से करीब 4200 विद्यार्थियों ने अष्टादश श्लोकी गीता का वाचन किया। कार्यक्रम वेबएक्स प्लेटफार्म से प्राध्यापिका कविता व पुनीत के निर्देशन में करवाया गया।
इस दौरान विद्यालयों में ऑनलाइन जुड़े विद्यार्थियों ने निर्धारित समय पर एक साथ लयबद्ध होकर गीता के श्लोकों का पाठ कर आध्यात्मिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया। इसके अलावा विद्यालयों में गीता जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम व गतिविधियां करवाई गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। जिला समन्वयक सोहन लाल व संस्कृत प्राध्यापक नीरज मानिकटाहला ने बताया कि विद्यार्थियों कुरुक्षेत्र में चल रहे प्रमुख आयोजनों से वर्चुअली जोड़ा गया था। इस क्रम में गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, स्वामी रामदेव और मुख्यमंत्री के विचार सुनाए गए। इन संदेशों ने विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मबल और भारतीय संस्कृति के प्रति गहन लगाव को ओर अधिक सशक्त किया।