संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। यूजी कोर्स में दाखिले लेने के उच्च शिक्षा विभाग ने वीरवार को पहली फाइनल कट ऑफ लिस्ट (अंतिम चयन सूची) जारी कर दी। निजी महाविद्यालयों की अधिकतम मेरिट 100 प्रतिशत से ज्यादा पर रुकी। राजकीय महाविद्यालयों में मेरिट 95 से 100 प्रतिशत तक रही। पहली लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थी 30 जून तक दाखिला ले सकेंगे। लिस्ट देरी से जारी होने के कारण पहले दिन कॉलेजों में बेहद कम दाखिले ही हो पाए।
पहली फाइनल कट ऑफ लिस्ट का विद्यार्थी व स्टाफ सुबह से इंतजार कर रहे थे। लिस्ट दोपहर में जारी की गई। देरी से लिस्ट आने के कारण स्टाफ व विद्यार्थी खाली बैठे रहे। यही नहीं कुछ विद्यार्थी इंतजार कर लौट गए। लिस्ट जारी होने के बाद कॉलेज में चस्पा की गई। इस दौरान राजकीय महाविद्यालय छछरौली की मेरिट सूची अधिकतम 100.2 प्रतिशत रही। सूची जारी होने के साथ ही विद्यार्थियों को सीट अलॉट कर दी गई। पहले दिन राजकीय कॉलेज में एक सौ दाखिले भी नहीं हो पाए। अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार से तेजी आएगी।
राजकीय महाविद्यालय छछरौली में बीए विषय की मेरिट 100.20 प्रतिशत रही। पहली सूची में 164 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई है। बीबीए की मेरिट 93.80 प्रतिशत रही। बीबीए की पहली सूची में 43 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई है। जबकि बीसीए की मेरिट सूची 93.40 प्रतिशत पर रुकी। बीसीए में 57 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई। इसी तरह बीकॉम की मेरिट 98.80 प्रतिशत रही। इसमें 64 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई।
बीएससी की मेरिट 92.60 प्रतिशत पर गई। इसमें कुल 17 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई। बीटीएम की मेरिट 84.40 प्रतिशत रही। इसमें दस विद्यार्थियो को सीट अलॉट की गई। जबकि राजकीय महाविद्यालय आहड़वाला में अधिकतम मेरिट 99 प्रतिशत रही। इस दौरान बीए की मेरिट 99.2 प्रतिशत रही। पहली सूची में बीए संकाय में कुल 92 विद्यार्थियों को सीट दी गई। इसी तरह बी.कॉम की मेरिट 94 प्रतिशत रही, जिसमें कुल 28 विद्यार्थियों को सूची जारी की गई।
बीएससी फिजिकल साइंस की मेरिट 91 प्रतिशत रही। जिसमें कुल छह विद्यार्थियों को सीट दी गई। वहीं, बीसीए की कट ऑफ लिस्ट 92.30 प्रतिशत रही। जिसमें 33 विद्यार्थियों को सीट दी गई। इसके अलावा शहर के हिंदू कन्या महाविद्यालय की कट ऑफ लिस्ट भी हाई रही। इस कॉलेज में बीए की मेरिट अधिकतम 99 और न्यूनतम 51 प्रतिशत पर रुकी।
इसी तरह बीकॉम की अधिकतम 94.2 और न्यूनतम 63 प्रतिशत रही। बीसीए की मेरिट 89.20 प्रतिशत रही, जो न्यूनतम 60 प्रतिशत पर रुकी। इसी तरह बीएससी गृह विज्ञान की मेरिट अधिकतम 91.6 और न्यूनतम 64 प्रतिशत रही। जबकि बीएससी की अधिकतम मेरिट 84 और न्यूनतम 62 प्रतिशत रही।
विभाग ने यूजी कोर्स दाखिले के लिए पहली मेरिट सूची जारी की दी है। सूची दोपहर में जारी की गई। इससे पहले दिन दाखिले कम हुए हैं। शुक्रवार से इसमें तेजी आएगी। सीट पाने वाले विद्यार्थी 30 जून फीस जमा करवाकर दाखिला ले सकते हैं। - सुमन बाला, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी।