संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। पॉलिटेक्निक दामला में शनिवार को विद्यार्थियों ने अपने द्वारा बनाए गए 32 मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई। इसमें अंतिम वर्ष के 160 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों पर मॉडल बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्राचार्य अनिल कुमार ने कहा कि इस तरह के मॉडल बनाने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। बड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़ने में झिझक का सामना नहीं करना पड़ता, क्योंकि इससे मनोबल ऊंचा होता है। प्रदर्शनी समन्वयक डॉ. वीएम कालरा ने कहा कि विद्यार्थियों ने ऑटोमेशन व इंडस्ट्री की जरूरतों अनुसार कई रोचक व जीवंत प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए।
निर्णायक डॉ. वीएम कालरा, संजय पुरी, दीपक गुप्ता व अमित धीमान रहे। निर्णायकों ने कंप्यूटर इंजीनियरिंग के मॉडल्स में विजन एक्सवीआर टीम को प्रथम, एदुआलया को द्वितीय व फ्लेक्सफिट को तृतीय स्थान दिया। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के मॉडल्स में अल्ट्रा सोनिक रडार सिस्टम को प्रथम, ड्रोन को द्वितीय व 360 पीओवी डिस्प्ले को तृतीय स्थान दिया।
सिविल इंजीनियरिंग के मॉडल्स में हाइड्रोलिक डैम को प्रथम, स्मार्ट अर्बन फ्लाईओवर को द्वितीय व स्मार्ट फ्लड अलर्ट ब्रिज व ग्लास फाइबर रि-इंफोस्र्ड पॉलीमर को तृतीय स्थान के लिए चुना। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के मॉडल्स में हेड ट्रैकिंग सिस्टम को प्रथम, एलपीजी गैस डिटेक्शन सिस्टम को द्वितीय व एयरपोर्ट बैगेज स्कैनर को तृतीय के लिए चुना। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के मॉडल्स में सीएनसी लेजर कटिंग मशीन को प्रथम स्थान दिया। विजेताओं को पदक व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।