रादौर। देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, भारतीय संविधान और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रादौर में माई भारत क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सांसद नवीन जिंदल के मार्गदर्शन में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया और शिक्षा विभाग रादौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय परीक्षा में विद्यार्थियों से देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज और भारत की लोकतांत्रिक विरासत से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र दिए गए।
सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित माइ भारत क्विज की ब्लॉक स्तरीय परीक्षाओं में अब तक 700 विद्यार्थी भाग ले चुके हैं। ब्लॉक स्तरीय परीक्षा के परिणाम के आधार पर 21 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को सोनीपत स्थित देश के पहले संविधान संग्रहालय के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर मिलेगा।