यमुनानगर। मुकंद लाल राष्ट्रीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर प्रस्तुतियां दीं। प्रधानाचार्य एसके नरूला ने कार्यक्रम में आए अभिभावकों व अतिथियों को विद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया।
वार्षिकोत्सव पर स्कूल प्रबंध समिति के उप चेयरमैन सतीश सलूजा, संयुक्त सचिव सुनील चंद्रा ने दीप प्रज्ज्वलित किया। सर्वप्रथम छोटे बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद अन्य विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने लघु नाटिका का मंचन कर नशे से दूर रहने का भी संदेश दिया। इस प्रस्तुति को सभी ने सराहा। इसमें दिखाया गया था कि नशे की लत किस तरह पूरा जीवन बर्बाद कर देती है।
उप चेयरमैन सतीश सलूजा ने कहा कि विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी हैं। स्कूल के विद्यार्थी किसी से भी पीछे नहीं हैं। इस स्कूल का पुराना इतिहास है। यहां से डॉ. से लेकर आइएएस, आईपीएस तक निकले हैं। इसकी मुख्य वजह यहां का स्टाफ है जो विद्यार्थियों के लिए पूरी मेहनत करता है।
प्रधानाचार्य एसके नरूला ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस सत्र में 10वीं में 51 विद्यार्थी मेरिट में रहे। 12वीं में 105 विद्यार्थियों ने मेरिट में स्थान बनाया। स्कूल की ओर से सामाजिक गतिविधियां कराई जाती हैं। इसके तहत रक्तदान शिविर लगाया जाता है जिसमें एकत्र रक्त को जरूरतमंदों के लिए दिया जाता है।