यमुनानगर। हत्या और हत्या के प्रयास समेत जघन्य आपराधिक मामलों में नामजद गैंगस्टर काला राणा के भाई सूर्य प्रताप उर्फ नोनी का फर्जी पासपोर्ट बनवाकर उसकी विदेश भागने में मदद करने वाले तीन आरोपियों को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) यूनिट अंबाला ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान कैथल के पुंडरी क्षेत्र के बदनारा गांव निवासी मदन, करनाल के निसिंग रोड निवासी राहुल और रविदास मंदिर नर्सिंग रोड निवासी सुभाष उर्फ पहलवान के नाम से हुई है। आरोपियों ने करनाल के निसिंग के नौ गजा पीर मोहल्ला निवासी गुरमीत पुत्र चंद्रभान के नाम से 15 जनवरी को सूर्य प्रताप उर्फ नोनी का फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। जिसके बाद गैंगस्टर का भाई सूर्य प्रताप विदेश फरार हो गया था।
गांधी नगर थाना पुलिस ने 23 जुलाई को विशेष कार्य बल यूनिट अंबाला के एएसआई राजन की शिकायत पर आरोपी सूर्य प्रताप उर्फ नोनी पर फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने के मामले में केस दर्ज किया था। एसटीएफ निरीक्षक प्रतीक ने बताया कि आरोपी मदन पुलिस विभाग में एसपीओ हैं। उसी ने फर्जी दस्तावेजों व पासपोर्ट की जांच की थी। जबकि आरोपी राहुल व सुभाष उर्फ पहलवान ने पासपोर्ट बनाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। शनिवार को तीनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
निसिंग के गुरमीत के नाम पर बनवाया था सूर्य प्रताप ने फर्जी पासपोर्ट
विशेष कार्य बल यूनिट अंबाला के निरीक्षक प्रतीक ने बताया कि लक्ष्मी गार्डन निवासी सूर्य प्रताप उर्फ नोनी गैंगस्टर काला राणा का छोटा भाई है। उस पर भी हत्या व हत्या के प्रयास समेत कई जघन्य आपराधिक मामले दर्ज है। पिछले दिनों उन्हें पता चला था कि आरोपी अदालत से जमानत पर आकर फर्जी पासपोर्ट पर विदेश चला गया है। जांच करने पर पता चला कि जमानत पर आने के बाद आरोपी सूर्य प्रताप ने बदनारा गांव निवासी मदन, करनाल के निसिंग रोड निवासी राहुल व करनाल के ही रविदास मंदिर नर्सिंग रोड निवासी सुभाष उर्फ पहलवान से मिलीभगत करके फर्जी कागजात व दस्तावेज तैयार कर फर्जी पासपोर्ट तैयार करवाया। यह पासपोर्ट करनाल के निसिंग के नौ गजा पीर मोहल्ला निवासी गुरमीत पुत्र चंद्रभान के नाम से 15 जनवरी को पासपोर्ट विभाग से बनवाया गया। इसके बाद वह विदेश में फरार हो गया है। आरोपी का पासपोर्ट जाली व फर्जी है।
कारोबारी रघुनाथ की हत्या में नामजद है काला राणा के भाई सूर्यप्रताप
28 अगस्त 2020 को अमर मार्केट में हुई कारोबारी रघुनाथ उर्फ रघु की हत्या के मामले में सूर्य प्रताप नामजद है। उस पर उसकी हत्या कराने का आरोप है। उस पर आरोप था कि उसने जेल में बैठकर ही रघुनाथ की हत्या कराई। वह कुरुक्षेत्र जेल में मोबाइल इस्तेमाल कर रहा था। मोबाइल से वह अपने दोस्तों के संपर्क में था। इसके अलावा नोनी पर कई केस दर्ज हैं। इनेलो पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के परिवार के बच्चों के साथ विवाद में उस पर हमले का केस दर्ज हुआ था। हालांकि बाद में उस पर भी जानलेवा हमला किया गया था। उसे पुलिस अवैध हथियार के साथ पकड़ चुकी है। आरोपी पर कुछ साल पहले सेक्टर 17 में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के भाई राजेंद्र पर भी गोलियां चलाकर हत्या का प्रयास करने का मामला भी दर्ज है। हालांकि इस मामले में वह गिरफ्तार हो चुका था। पूर्व विधायक के भतीजे पर गोलियां चलाने के मामले में भी वह कुरुक्षेत्र जेल में भी बंद रहा है।