राज्यस्तरीय कपालमोचन एवं श्रीआदिबद्री मेले में शनिवार रात पंजाब से आए दो महिला श्रद्धालुओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी वजह ह्रदय गति रुकना बताया जा रहा है, फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी अनुसार पंजाब के जिला फिरोजपुर में गांव गोगावाली की लगभग 50 वर्षीय महिला गुड्डी माझीवाला मंदिर के समीप शनिवार देर रात अपनी बेटी के साथ माथा टेकने आई थी। जैसे ही वह मंदिर के पास पहुंची तो उसके सीने में अचानक तेज दर्द हुआ, जिस पर उसे तुरंत उपचार के लिए मेला क्षेत्र में स्थित स्वास्थ्य शिविर में ले जाया गया। यहां उसकी हालत में सुधार न होता देख उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिलासपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी तरह कपालमोचन क्षेत्र में स्थित मोगा धर्मशाला के समीप जिला लुधियाना के गांव रायकोट निवासी कुलवंत कौर अपने तंबु में सोई थी। रात्रि करीब साढ़े बारह बजे उसके सीने में तेज दर्द हुआ, जिस पर उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य शिविर में ले जाया गया, जहां उसकी हालत में सुधार न होता देख उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिलासपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों को शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम ले लिए भेज दिया।