संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आईटीआई के नजदीक अगरबत्ती की दुकान के मालिक भोलानाथ पर उनके ही दामाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया। मारपीट का शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
वारदात बुधवार देर शाम की है। डायल 112 को कॉल करने थाना गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव दहिया माजरा जिला अंबाला निवासी हेमंत व गांव सिंह पुरा बराड़ा निवासी अरमान के तौर पर हुई है। दोनों आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
शिकायत में भोलानाथ ने बताया कि उसकी आईटीआई के नजदीक अगरबत्ती की दुकान है। उसने अपनी बेटी की शादी मुलाना निवासी ऋषिपाल के साथ की थी। उनके पास दो बच्चे हैं। उसकी बेटी को ससुराल में काफी दिनों से परेशान किया जा रहा है। मंगलवार रात को भी उसके दामाद ने बेटी के साथ मारपीट की। सुबह उसकी बेटी ने फोन करके उसे घटना के बारे में बताया।
जब वह अपने बेटे के साथ उनके घर गया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद वह अपनी लड़की व बच्चों को लेकर यमुनानगर आ गया। जब वह अपनी दुकान पर बैठा था तो आरोपी ऋषिपाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।